जीवन के अनुभवों और भावनाओं का खूबसूरत संगम : विचारों की छाँव | किताबें & सिनेमा

 

जीवन घटनाओं का अनवरत चलता सिलसिला है जिसमें कई अनुभवों, भावनाओं और विचारों का संग्रह भी है, जो हमें हर दिन कुछ नया सिखाते हैं। कभी प्रेम हमें खुशी देता है, तो कभी वही प्रेम अधूरेपन का एहसास कराता है। कभी सपने आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं, तो कभी संघर्ष हमें अपनी क्षमताओं से परिचित कराता है। लेखक आशीष कुमार जायसवाल की पुस्तक ‘विचारो की छाँव’ इन्हीं अनुभवों और भावनाओं को शब्दों में पिरोने का एक सार्थक प्रयास है। 

इस पुस्तक को पढ़ते हुए महसूस होता है कि लेखक ने जीवन को केवल बाहर से देखने का प्रयास नहीं किया, बल्कि उसके भीतर उतरकर अनुभवों को समझने और अभिव्यक्त करने की कोशिश की है। जीवन की यात्रा, एकतरफा प्रेम, अनजाना सफर, सपने, संघर्ष, अकेलापन और आखिरी मुलाकात जैसे विषयों के माध्यम से लेखक ने मानवीय मन की अनेक परतों को खोलने का प्रयास किया है। ये विषय हमारे जीवन के इतने करीब हैं कि पढ़ते समय कई बार लगता है, जैसे लेखक ने हमारे ही मन में छिपे किसी भाव को शब्द दे दिए हों। 

‘विचारों की छाँव’ की सबसे बड़ी विशेषता इसकी सहजता है। लेखक की भाषा सरल है और विचारों में आत्मीयता दिखाई देती है। पुस्तक कहीं जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने की प्रेरणा देती है, तो कहीं हमें अपने अतीत, रिश्तों और निर्णयों पर ठहरकर विचार करने का अवसर प्रदान करती है। इसकी रचनाएँ पाठक को यह समझने में मदद करती हैं कि जीवन में हर अनुभव का अपना महत्त्व है। कुछ अनुभव हमें खुशियाँ देते हैं, तो कुछ हमें परिपक्व बनाते हैं। इस पुस्तक के विचार भी पाठक को अपने अनुभवों से जुड़ने और जीवन को नए नजरिए से देखने के लिए प्रेरित करते हैं। 

बहरहाल, जीवन और सकारात्मक सोच पर आधारित पुस्तकों की दुनिया में यह विषय नया नहीं है, लेकिन लेखक का व्यक्तिगत अनुभवों और भावनाओं को प्रस्तुत करने का अंदाज इसे अपनी अलग पहचान देता है। ऐसी पुस्तकें पढ़ने की अपेक्षा उन्हें महसूस करना अधिक महत्त्वपूर्ण होता है। ‘विचारों की छाँव’ उन पाठकों के लिए एक अच्छा विकल्प है, जो जीवन, प्रेम, रिश्तों और आत्मचिंतन से जुड़ी रचनाएँ पढ़ना पसंद करते हैं। जिंदगी को समझने के लिए हमेशा बड़े सिद्धांतों की आवश्यकता नहीं होती, कभी-कभी रोजमर्रा के छोटे-छोटे अनुभव ही सबसे गहरी सीख दे जाते हैं।




बदलते दौर, रिश्तों और यादों की अलमारी खंगालती किताबें : घर से हॉस्टल तक और पत्र से डिजिटल दुनिया | किताबें & सिनेमा

 


घर से दूर हॉस्टल में बिताए दिन और समय के साथ बदले संवाद के तरीके ये सभी हमारे जीवन के बेजोड़ अनुभवों का एक हिस्सा हैं। हिमांशु शुक्ल ‘वीरज’ की ‘घर से हॉस्टल तक’ और ‘पत्र से डिजिटल दुनिया’ ऐसी ही अनुभूतियों को शब्दों में पिरोने वाली दो किताबें हैं। एक विद्यार्थी जीवन और हॉस्टल की दुनिया से परिचित कराती है, तो दूसरी पत्रों की दुनिया से लेकर डिजिटल संवाद के दौर तक हुए बदलावों पर विचार करती है। दोनों पुस्तकों के विषय अलग हैं, लेकिन इनके केंद्र में मनुष्य, उसके रिश्ते, भावनाएँ और बदलते समय के बीच अपनी पहचान बनाए रखने की कोशिश है।

‘घर से हॉस्टल तक’ एक विद्यार्थी के जीवन की उस यात्रा को सामने रखती है, जिसमें वह घर के सुरक्षित और बेखौफ माहौल से निकलकर एक नई दुनिया में कदम रखता है। हॉस्टल में पहली बार घर से दूर रहना, नए लोगों के बीच अपनी जगह बनाना, मेस के खाने से जुड़ी शिकायतें, पढ़ाई, असाइनमेंट्स, परीक्षाएँ और दोस्तों के साथ बिताए बेफिक्र पल ये सभी अनुभव पुस्तक को सहज और रिलेटेबल बनाते हैं। हॉस्टल की जिंदगी भी अलग होती है कभी हम घर जाने के लिए दिन गिनते हैं, लेकिन जब हॉस्टल छोड़ने का समय आता है, तो वहीं रुक जाने का मन करता है। शुरुआत में जो लोग अजनबी लगते हैं, वे धीरे-धीरे अपने बन जाते हैं। छोटी-छोटी शरारतें, देर रात की बातचीत और साथ बिताए सामान्य से दिन आगे चलकर जीवन की अनमोल यादें बन जाते हैं। लेखक हिमांशु बताते हैं कि हॉस्टल केवल रहने की जगह नहीं, बल्कि एक ऐसी दुनिया है जहाँ विद्यार्थी स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी निभाना, अपनी समस्याओं का समाधान करना और दूसरों के साथ तालमेल बैठाना सीखता है।

वहीं दूसरी किताब ‘पत्र से डिजिटल दुनिया’ बोलचाल के बदलते स्वरूप और उसके साथ बदलती मानवीय संवेदनाओं को बांधती है। एक समय था जब किसी पत्र का इंतजार अपने आप में एक एहसास होता था। कागज पर लिखे शब्दों में व्यक्ति अपनी भावनाएँ, अपना समय और अपनी आत्मीयता समेट देता था। पत्र पहुँचने में भले ही कई दिन लगते हों, लेकिन उसके आने की खुशी और उसे पढ़ने का अनुभव अलग ही होता था। मगर आज सोशल मीडिया, वीडियो कॉल और टेक्नोलॉजी के दौर में संवाद बहुत तेज और आसान हो गया है। कुछ सेकंड में हम अपनी बात दुनिया के किसी भी कोने तक पहुँचा सकते हैं। लेकिन इस सुविधा के बीच क्या हमने अपनों के लिए समय निकालना कम कर दिया है। डिजिटल संपर्क बढ़ने से जो लोग साथ में हैं उनसे वास्ता घटता जा रहा है। हिमांशु इस बदलाव को कविताओं, क्षणिकाओं और पत्रों के माध्यम से सामने रखते हैं। मोबाइल, रिश्तों की दूरी, खामोशी, इंतजार, बेरोजगार युवा और बदलते समय जैसे विषय पुस्तक को आज के जीवन से जोड़ते हैं। 

दोनों पुस्तक की भाषा सहज और संवेदनशील है। ‘घर से हॉस्टल तक’ हमें उन दिनों की याद दिलाती है, जब नए दोस्त धीरे-धीरे परिवार बन जाते थे और ‘पत्र से डिजिटल दुनिया’* हमें उन रिश्तों के बारे में सोचने पर मजबूर करती है, जो आज तकनीक के सहारे जुड़े तो हैं, लेकिन कभी-कभी भावनात्मक रूप से दूर भी महसूस होते हैं। यदि आपने कभी हॉस्टल में रहकर पढ़ाई की है, तो पुस्तक के कई प्रसंग आपको अपने पुराने दिनों में लौटा सकते हैं। वहीं, डिजिटल दुनिया से ब्रेक लेकर पत्रों में खोना चाहते हैं तो दूसरी किताब आपको वहां की सैर कराएगी।




प्रेम, प्रतीक्षा और आत्मखोज की अनूठी कथा है ‘ब्रह्म-पत्र’ | किताबें & सिनेमा

 

प्रेम पर लिखी गई अधिकांश कहानियाँ अपने पाठकों को किसी सुखद मिलन, बिछड़न या किसी और अंजाम तक ले जाती हैं, लेकिन शिव शंकर झा का उपन्यास ‘ब्रह्म-पत्र’ प्रेम को किसी एक घटना या रिश्ते की सीमा में बाँधने के बजाय उसे मनुष्य के भीतर चलने वाली एक लंबी यात्रा के रूप में देखता है। इस यात्रा का फलसफा अनेक युगों का इंतजार है और इसके साथ ही कुछ अनकहे प्रश्न जीवन भर हमारे साथ चलते हैं।

धार्मिक और मीनाक्षी की कहानी असम के एक पुस्तकालय में हुई मुलाकात से आरंभ होती है। धीरे-धीरे पत्रों में बढ़ती उनकी नजदीकियां केवल आकर्षण की कहानी नहीं रह जाता, बल्कि भावनाओं, परिस्थितियों और जीवन के निर्णयों के बीच उलझता हुआ एक शाश्वत अनुभव बन जाता है। पुस्तक के नाम अनुसार उपन्यास में पत्रों की विशेष भूमिका है। ये पत्र केवल दो व्यक्तियों के बीच संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि उन भावनाओं की अभिव्यक्ति हैं जिन्हें सामने बैठकर कह पाना हमेशा संभव नहीं होता। प्रेम लिखा नहीं जाता, जिया जाता है जैसे कई संवाद सोचने पर मजबूर कर देते हैं।

लेखक शिव शंकर झा की सबसे बड़ी खूबी यह है कि वे प्रेम को केवल पाने की इच्छा तक सीमित नहीं रखते। उनके प्रेम में धैर्य है, समर्पण है और अपने भीतर झाँकने की क्षमता भी। प्रतीक्षा के साथ-साथ किसी को पा लेने और प्रेम में किसी को आजाद करने का साहस है। कहानी पढ़ते हुए यह विचार बार-बार उभरता है कि किसी व्यक्ति से जुड़ाव कभी-कभी उसके साथ रहने से अधिक, उसकी स्मृतियों और अपने भीतर उसके लिए बनाए गए स्थान में जीवित रहता है। शिव शंकर झा की भाषा सहज, भावपूर्ण और काव्यात्मक है। वे दार्शनिक विचारों को कहानी का बोझ नहीं बनने देते, बल्कि उन्हें पात्रों की अनुभूतियों के साथ स्वाभाविक रूप से जोड़ते हैं। कुछ प्रसंगों में कथा की गति धीमी पड़ती नजर आती है लेकिन यही ठहराव उपन्यास के भावलोक को समझने का अवसर भी देता है जिसे हाइलाइटर से हाइलाइट करने का मन करता है।


‘ब्रह्म-पत्र’ की खूबी इसके सवालों में है जो कदम-कदम पर लेखक अपने पाठकों से पूछता है। क्या प्रेम को पूर्ण होने के लिए मिलन आवश्यक है? क्या इंतजार भी प्रेम की एक अभिव्यक्ति हो सकती है? क्या अब के बिछड़े लोग किसी ना किसी युग में मिलते हैं ? बहरहाल, यह उपन्यास इन प्रश्नों के सटीक जवाब नहीं देता, बल्कि पाठक को अपनी अनुभूतियों के आधार पर उन्हें समझने की स्वतंत्रता देता है। जो पठक प्रेम, विरह और आत्मचिंतन को एक साथ अनुभव करना चाहते हैं उनके लिए ‘ब्रह्म-पत्र’ एक संवेदनशील और लम्बे समय तक जहन में हलचल करने वाला उपन्यास है।


कैसे अजनबी बन जाते हैं अपने के एहसास से रूबरू कराती ‘किसी अजनबी के प्यार में’ | किताबें & सिनेमा

 


रेणु मिश्रा का कहानी-संग्रह "किसी अजनबी के प्यार में" उन कहानियों का संग्रह है जो पढ़ते समय जितनी सहज लगती हैं, समाप्त होने के बाद उतनी ही देर तक मन में गूँजती रहती हैं। इन कहानियों के पात्र बहुत देर तक मन की परतों को कुदेरते रहते हैं। संग्रह की पहली ही कहानी किसी को खोने से लेकर किसी को पाने तक का पूरा सफ़र तय करा देती है। किताब की हर कहानी का अपना अलग रंग और अपना अलग दृष्टिकोण है जो लेखक अपने पाठकों को देना चाहता है। कहीं पहली मोहब्बत की मासूमियत है, कहीं बिछड़ने की चुभन, जिन्हें शब्दों से अधिक एहसासों में समझा जा सकता है। रेणु ने प्रेम को किसी एक परिभाषा में नहीं बांधा, बल्कि उसके अनेक रूपों को बड़ी सहजता से सामने लाई हैं।

कहानी "बालकनी में भगवान" तो मानो अब शहर-शहर की बात हो गई है। बुलेट ट्रेन की तरह भाग रहे युग में लोगों की प्राथमिकता बदलती जा रही हैं मगर मालती देवी जैसी कई औरतें आज भी अपने बेटू-बहू का इंतजार हर त्यौहार पर कर रहीं हैं। "दो दूनी पाँच" स्त्री के संघर्ष, आत्मसम्मान और आत्म-खोज को बेहद संवेदनशील ढंग से प्रस्तुत करती है। हर कहानी अपने-अपने विषय और भावनात्मक प्रभाव के कारण विशेष रूप से ध्यान खींचती हैं। रेणु मिश्रा की लेखन-शैली इस पुस्तक की सबसे बड़ी ताक़त है। उनकी भाषा सरल है और उन्होंने ये सिद्ध किया कि सरल भाषा में भी असाधारण बात कही जा सकती है। वे बिना किसी लाम- लपेट या भारी-भरकम शब्दों का सहारा लिए बिना कहती हैं जो पाठक के भीतर गहरी जगह बना लेते हैं। 


इस कहानी संग्रह में स्त्री को पुराने जमाने की अबला नहीं दिखाया गया, बल्कि इन कहानियों में स्त्री संघर्ष करती हुई, टूटती-बिखरती और फिर से खड़ी होती है। लेखक ने स्त्री-विमर्श पर  भाषण नहीं दिया बल्कि पात्रों के जीवन के माध्यम से उसे स्वाभाविक रूप से सामने लाई हैं। यही कारण है कि कहानियाँ उपदेश नहीं देतीं, बल्कि पाठक को स्वयं सोचने का अवसर देती हैं। "किसी अजनबी के प्यार में" केवल प्रेम, बिछड़न, कहानियों का संग्रह नहीं है, बल्कि उन अनकहे एहसासों का बंडल है जिन्हें हम अक्सर अपने भीतर दबाकर जीते रहते हैं। यह पुस्तक याद दिलाती है कि कुछ अजनबी लोग हमारी ज़िंदगी में थोड़ी देर के लिए आते हैं, लेकिन उनकी मौजूदगी हमारे भीतर हमेशा के लिए रह जाती है। बहरहाल, यदि आपको ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो शोर नहीं करतीं, बल्कि धीरे-धीरे आपके भीतर उतरकर आपको अपने ही जीवन के किसी भूले हुए हिस्से से मिलवा दें, तो "किसी अजनबी के प्यार में" निश्चित रूप से पढ़ी जानी चाहिए।





मोहब्बत, बग़ावत और तन्हाई का फ़लसफ़ा : जौन एलिया एक अजब-ग़ज़ब शायर | किताबें & सिनेमा

 

कुछ शायर ऐसे होते हैं जिन्हें पढ़ना महज़ पढ़ना नहीं होता, बल्कि उनकी बेचैनी, तन्हाई और सवालों से होकर गुजरना होता है। जौन एलिया उन्हीं शायरों में से एक हैं जो खुद को पागल कहते थे और जिन्हें सुनने और पढ़ने के लिए दुनिया को पागल होना ही पड़ेगा। उनकी शायरी में एक अजीब-सी दीवानगी दौड़ी चली आती है और पाठक उस दीवानगी के दरिया में गोते लगाने लगता है।

मुंतज़िर फ़िरोज़ाबादी की इस किताब में जौन साहब के जटिल और दिलचस्प व्यक्तित्व को करीब से समझने का अवसर देती है। यह महज़ एक जीवनी नहीं, बल्कि उस इंसान और शायर की तलाश है जिसके भीतर मोहब्बत, बग़ावत, फ़लसफ़ा, तन्हाई और बेचैनी एक साथ मौजूद थे। यह किताब उस शायर के जीवन दर्शन को खोलकर रखती है जिसने खुद को तबाह कर लिया और मलाल भी नहीं। जौन एलिया को अक्सर सिर्फ़ दर्द और मोहब्बत के शायर के रूप में याद किया जाता है, लेकिन किताब उनके व्यक्तित्व के उन पहलुओं को भी सामने लाती है जो उनकी शायरी को समझने के लिए बेहद ज़रूरी हैं। उनकी बाग़ी सोच, समाज को देखने का अलग नज़रिया और रिश्तों को लेकर उनकी जटिल संवेदनाएँ उन्हें उम्दा शायर होने का प्रमाण देती है।

इस किताब की खूबसूरती यह है कि जौन को किसी आदर्श या महान व्यक्तित्व के साँचे में ढालने की कोशिश नहीं की गई है। उनके भीतर मौजूद कमज़ोरियों, कड़वाहट, बेचैनी और अकेलेपन को भी उसी सहजता से सामने रखा गया है। यही ईमानदारी जौन को पाठक के और करीब ले आती है। उन्हें पढ़ते हुए लगता है कि उनकी तल्ख़ी के पीछे एक बेहद संवेदनशील और तन्हा इंसान मौजूद था। जौन का दर्द सिर्फ़ अधूरी मोहब्बत का दर्द नहीं था। उसमें ज़िंदगी से असंतोष, समाज से टकराव, रिश्तों की उलझन और अपने समय से पैदा हुई निराशा भी शामिल थी। 


मुंतज़िर फ़िरोज़ाबादी ने जौन एलिया की जिंदगी और उनकी ग़ज़लों को जिस तरह साथ रखकर प्रस्तुत किया है, उससे पाठक शायर के शब्दों के पीछे छिपे इंसान को देखने लगता है। भाषा सहज है और प्रस्तुति ऐसी कि किताब पढ़ते हुए कई जगह ऐसा अहसास होता है जैसे किसी पुरानी शाम में बैठकर जौन साहब की जिंदगी, मोहब्बत और दर्द की दास्तान सुन रहे हों। जौन ने किताबों को खरीदना और उन्हें पढ़ने को लेकर बहुत अच्छा कहा है जो इस किताब में दर्ज है। अगर आप जौन एलिया की शायरी के मुरीद हैं, उर्दू से मोहब्बत करते हैं, जिनकी शायरियां आपने इंस्टग्राम पर कई दफा स्क्रोल की हैं, जिनकी रचनाएँ उनके जीवन की बेचैनियों से जन्म लेती हैं, तो यह किताब आपके लिए एक खूबसूरत सफ़र हो सकती है। और आखिर में उन्हीं की शायरी के साथ कि 'जो गुज़ारी ना जा सकी हमसे, हमने वो ज़िंदगी गुज़ारी है...



रिश्तों की जकड़न से खुद को खोने से बचाने की कहानी है : बेहया | किताबें & सिनेमा

 


विनीता अस्थाना का उपन्यास ‘बेहया’ स्त्री की स्वतंत्रता और आत्मसम्मान को लेकर समाज से कई पेचीदा और जरूरी सवाल करता है। एक स्त्री की निजी जिंदगी और रिश्तों में टकराव जिसे सिर्फ वो स्त्री जानती है, उसका सरल भाषा में सटीक वर्णन किया गया है। यह केवल घरेलू हिंसा या दांपत्य संबंधों की कहानी नहीं, बल्कि उस संघर्ष की आपबीती है जिसमें एक महिला अपने अस्तित्व और सम्मान को बचाने के लिए खुद से भी सवाल करती है। 

उपन्यास की मुख्य पात्र सिया एक सफल, आत्मनिर्भर और संवेदनशील महिला है। अपने प्रोफेशनल जीवन में वह आज की नारी की तरह आत्मविश्वास से भरी है, लेकिन निजी जीवन में परिस्थितियाँ उसके बिल्कुल उलट हैं। उसका पति यश आर्थिक रूप से संपन्न होने के बावजूद अपनी निम्न मानसिकता और असुरक्षा से बाहर नहीं निकल पाता। सिया की सफलता और स्वतंत्र व्यक्तित्व उसके लिए सहज नहीं हैं। इसी बीच अभिज्ञान सिया के जीवन में आता है। उसका किरदार केवल प्रेम के एक नए विकल्प के रूप में नहीं, बल्कि सिया को अपने भीतर झांकने और अपने फैसलों पर विचार करने का अवसर देने वाले व्यक्ति के रूप में सामने आता है। सिया उससे मिलकर समझने लगती है कि सेल्फ रिस्पेक्ट  कुचलकर जिंदगी जीना जिंदगी नहीं है। यहाँ शुरू होती है एक प्लोटोनिक प्रेम कहानी जो अपने आप में अलग और बेहतरीन है।

विनीता ने पूरी कहानी में बौद्धिक ज्ञान देने की बजाय कहानी को उनके पात्रों के जरिए पाठकों को सोचने के लिए मजबूर किया। एक खासियत यह भी है कि विनीता कहानी को एकतरफा नहीं बनातीं। स्त्री के साथ होने वाले मानसिक शोषण और सामाजिक दबाव के साथ पुरुष के भीतर मौजूद असुरक्षा और भावनात्मक संघर्ष को भी समझने की कोशिश की गई है। इस तरह कहानी के सभी पात्र अपनी कमजोरियों और परिस्थितियों के साथ सामने आते हैं। 

‘बेहया’ शीर्षक भी अपने आप में एक महत्वपूर्ण सवाल है। समाज अक्सर अपने लिए फैसले लेने वाली और स्वतंत्र स्त्री को ना जाने कैसे-कैसे नामों से पुकारता है। उसमें एक विशेषण बेहया भी है। विनीता अस्थाना की भाषा सहज और प्रवाहपूर्ण है। जब यह किताब पढ़ना शुरू करते हैं तो बस पढ़ते ही जाते हैं। यह उपन्यास बार-बार ये सवाल करता है कि रिश्ते बचाने की कोशिश में इंसान खुद को कितना खो सकता है और किस मोड़ पर अपने लिए खड़ा होना जरूरी हो जाता है। लेकिन सही समय पर खराब रिश्ते से बाहर निकल जाना और अकेले हो जाना बेहतर ही होता है।‘बेहया’ आत्मसम्मान, रिश्तों, सामाजिक सोच और स्त्री की स्वतंत्र पहचान की जद्दोजहद में खुद को खोजता हुआ एक संवेदनशील उपन्यास है।  इसकी कहानी खत्म होने के बाद भी कुछ जरूरी सवाल अपने साथ ले जाने के लिए मजबूर करती है।



रिश्तों की अनकही परतों को टटोलती कहानियाँ : अनुपमा गांगुली का चौथा प्यार | किताबें & सिनेमा

 

विजयश्री तनवीर का कहानी-संग्रह ‘अनुपमा गांगुली का चौथा प्यार’ रिश्तों के उन हिस्सों को गहराई से सामने लाता है, जिन्हें अक्सर शब्द नहीं मिल पाते। इन कहानियों में प्रेम है लेकिन केवल प्रेमी-प्रेमिका वाले अर्थ में नहीं, यहाँ प्रेम के साथ अकेलापन, प्रतीक्षा, स्मृतियाँ, असुरक्षाएँ, दूरी और अधूरे रिश्तों की कसक भी है। विजयश्री रिश्तों को किसी निश्चित परिभाषा में बाँधने के बजाय उनकी जटिलता और मानवीय कमजोरियों के साथ प्रस्तुत करती हैं। 

संग्रह की शीर्षक कहानी ‘अनुपमा गांगुली का चौथा प्यार’ विशेष रूप से ध्यान खींचती है। अनुपमा का चरित्र कई भावनात्मक परतों से गुजरता है। उसके अनुभव केवल उसके व्यक्तिगत जीवन की कहानी नहीं रह जाते, बल्कि पाठक को यह सोचने पर मजबूर करते हैं कि मनुष्य की इच्छाओं और भावनाओं को सामाजिक मानकों के आधार पर कितना आसानी से समझा जा सकता है। ‘समंदर से लौटती नदी’ कहानी में संवेदनाओं का विकास बेहद सहज ढंग से होता है। वहीं ‘एक उदास शाम के अंत में’ और ‘खजुराहो’ जैसी कहानियाँ पात्रों के बाहरी जीवन से अधिक उनके भीतर चल रहे युध्द को सामने रखती हैं। 

विजयश्री तनवीर की भाषा इस संग्रह की महत्वपूर्ण विशेषता है। उनकी शैली में काव्यात्मक स्पर्श है, लेकिन बनावटी कतई नहीं लगती। वे घटनाओं का केवल वर्णन नहीं करतीं, बल्कि उनके पीछे छिपे भाव को भी पाठक तक पहुँचाती हैं। कई प्रसंग इसलिए प्रभावी बन जाते हैं क्योंकि वे हमारे आसपास के जीवन जैसे लगते हैं। इन कहानियों के किरदार अपने हिस्से का पूर्ण समर्पण कहानी को सौंप देते हैं। वे कोई नायक की तरह नहीं बल्कि गलतियों, कमजोरियों और उलझनों के साथ सामने आते हैं। यही अपूर्णता उन्हें विश्वसनीय बनाती है। 

‘अनुपमा गांगुली का चौथा प्यार’ उन पाठकों को अधिक आकर्षित कर सकता है जो कहानी के भीतर मौजूद मनोभावों को पढ़ना पसंद करते हैं। यह किताब शोर नहीं करती; धीरे-धीरे अपनी जगह बनाती है। किताब की एक-एक कहानी आप पढ़ने के बाद थोड़ा ठहर जाते हैं। यह कहानी संग्रह प्रेम और रिश्तों को एक ही नजरिए से देखने के बजाय उनके कई रंगों और अनकही परतों को सामने रखता है, जो किताब को अन्य किताबों से अलग और यूनिक बनाता है।



प्रेम, दोस्ती और मानवीय संवेदनाओं को समेटे पाँच अफ़साने : बनारसी अफ़साने | किताबें & सिनेमा

 

प्रियंवदा दीक्षित की बनारसी अफ़साने किताब अपने पाँच अफ़सानों को गाइड बना पाठकों को बनारस की गलियों, घाटों, चाय की दुकानों, और वहाँ के लोगों की भावनाओं से जोड़ देती है। यह केवल कहानी-संग्रह नहीं, बल्कि बनारस के घाटों के वो अनगिनत किस्से हैं जो बनारस के यथार्थ को बताते हैं। प्रियंवदा की भाषा इतनी सहज, आत्मीय और प्रभावशाली है कि हर दृश्य आँखों के सामने जीवंत हो उठता है। फिर हर कहानी के अंत में दिया बेजोड़ ज्ञान उस कहानी के सार को बड़ी सुंदरता से कह देता है।

संग्रह की पहली कहानी "अस्सी घाट" दोस्ती, प्रेम और बिछड़ने के दर्द को बेहद संवेदनशीलता से प्रस्तुत करती है। किसी अपने के चले जाने के बाद जीवन बदल तो जाता है, लेकिन सच्चे दोस्त हमें फिर से जीना सिखाते हैं। दूसरी कहानी "नई सड़क" सांप्रदायिक दंगों की भयावहता और राजनीति के कारण सबसे अधिक पीड़ित होने वाले आम और मासूम लोगों की व्यथा को सामने लाती है। "मणिकर्णिका" कहानी थर्ड जेंडर समुदाय के संघर्ष, सामाजिक उपेक्षा और उनके भीतर छिपे दर्द को अत्यंत मार्मिक ढंग से प्रस्तुत करती है। चौथी कहानी "वी.टी. रोड" अधूरे प्रेम की कसक और जीवन में आगे बढ़ने की आवश्यकता को बड़ी खूबसूरती से व्यक्त करती है। फिर आखिरी कहानी "तुलसी घाट" सच्चे प्रेम और अपने जीवन के निर्णय स्वयं लेने के साहस की कहानी है। यह संदेश देती है कि प्रेम तभी पूर्ण होता है जब उसमें विश्वास और साथ निभाने का साहस हो। किताब में बनारस के अफ़साने वहाँ की आध्यात्मिक छाप लिए हुए हैं। वहाँ की आत्मीय संस्कृति हर कहानी में साँस लेती हुई महसूस होती है। 

बहरहाल, प्रियंवदा की भाषा सरल, सहज और बिना किसी बनावटीपन के होने से सीधे दिल तक पहुँचती है। हर कहानी अपने भीतर एक अलग संसार समेटे हुए है। कहीं दोस्ती है, कहीं अधूरा प्रेम, कहीं सामाजिक संवेदनाएँ और कहीं जीवन को नए नज़रिए से देखने की प्रेरणा। यदि आप ऐसी कहानियाँ पढ़ना चाहते हैं जो आपके दिल को छू जाएँ और बनारस को एक नए नजरिया से देखने के लिए मजबूर कर दे तो बनारसी अफ़साने अवश्य पढ़िए।




सपनों की लंबी उड़ान भरने के बाद अपनी जड़ों की ओर वापिस लौटने की कहानी है : मैं अब भी वहीं हूँ |किताबें&सिनेमा

हमारी जिंदगी में कुछ ऐसे पड़ाव आते हैं, जिन्हें पीछे छोड़कर हम आगे तो निकल जाते हैं लेकिन उनसे पूरी तरह अलग नहीं हो पाते। अपना गाँव, घर का आँगन, दोस्तों के साथ बिताया वक्त, किसी अपने की कही हुई बातें या अधूरा रह गया कोई सपना ये सब समय के साथ हमारी यादों का हिस्सा बन जाते हैं। पंकज जीना का उपन्यास ‘मैं अब भी वहीं हूँ’ इन्हीं यादों और उनसे जुड़े भावनात्मक जुड़ाव को शब्द देता है।

कहानी पढ़ते हुए महसूस होता है कि लेखक उस पीढ़ी की कहानी कह रहे हैं जिसने छोटे शहरों और अपने परिचित माहौल से निकलकर बड़े शहरों में अपने लिए जगह बनाने की कोशिश की है। सपनों को पूरा करने की चाह में घर से दूर जाना, नई जगह पर खुद को स्थापित करना, नए दोस्त बनाना और इस पूरे सफर में अपने पुराने जीवन को भीतर संजोए रखना बहुत मुश्किल है।
पंकज जीना की लेखन शैली सहज है। भाषा कहीं भी पाठक पर अपनी साहित्यिक गंभीरता थोपने की कोशिश नहीं करती। घटनाएँ सामान्य जीवन से उठाई हुई लगती हैं और यही उनकी सबसे बड़ी खूबी है जिससे लोग खुद को कहानी से कनेक्ट कर लेते हैं।

उपन्यास में कॉरपोरेट जगत की झलक भी देखने को मिलती है। नौकरी की भागदौड़, काम का तनाव, बॉस का दबाव, अकेले कमरे में गुजारते दिन और परिवार से अपनी परेशानियां छिपाकर उन्हें आश्वस्त करते रहना कि सब अच्छा चल रहा है, ऐसे कई अनुभवों को लेखक ने जिस तरह कहानी का हिस्सा बनाया है, वह आज के युवा जीवन की सच्चाई को सामने रखता है। रेडियो की दुनिया का चित्रण किताब को एक अलग आयाम देता है और पाठक को उस संसार के करीब ले जाता है।

कहानी में प्रेम भी मौजूद है लेकिन यहाँ प्रेम के साथ इंतजार है, दूरी है, अधूरेपन की कसक है और रिश्तों को बचाए रखने की कोशिश भी है। परिवार और दोस्ती के प्रसंग कहानी को भावुक बना देते हैं। पुरानी जगहों और बीते हुए समय की यादें आपको अपने दौर की याद दिला देती हैं। इस किताब की एक खास बात यह है कि इंसान परिस्थितियों के साथ बदलता जरूर है, लेकिन उसकी जड़ें अक्सर उसी जगह बनी रहती हैं जहाँ उसने पहली बार सपने देखे थे। मुखर का वापिस अपनी जड़ों में वापिस लौटना बताता है कि सपनों के साथ-साथ अपने भी बहुत जरूरी हैं। 

‘मैं अब भी वहीं हूँ’ आत्मकथात्मक अपने ज़मीनी जुड़ाव के कारण और भी विश्वसनीय है। कई इंसीडेंट इतने स्वाभाविक लगते हैं कि पाठक को लगता है जैसे वह किसी लेखक की कहानी नहीं, बल्कि खुद अपनी जिंदगी के पन्ने पढ़ रहा हो। अगर आप ऐसी कहानी में खोना चाहते हैं जिसमें काल्पनिक दुनिया ना दिखाकर जिंदगी के छोटे अनुभव, रिश्तों की गर्माहट, बनारस, बीते समय की कसक और अपनेपन का एहसास महत्वपूर्ण हो, तो यह उपन्यास आपको पसंद आयेगा। किताब खत्म होने के बाद आप सोचेंगे कि शायद हम सभी के भीतर सचमुच कोई न कोई हिस्सा आज भी वहीं है, जहाँ से हमारी कहानी शुरू हुई थी।

किताब : मैं अब भी वहीं हूँ
लेखक : पंकज जीना
प्रकाशक : ख्याति प्रकाशन


एक इन्सानी त्रासदी की कहानी जो खत्म होने के बाद भी भीतर चलती रहती है : चींटी की अर्थी | किताबें & सिनेमा

कुछ कहानियाँ ऐसी होती हैं जो किताब के आखिरी पन्ने के साथ समाप्त तो हो जाती हैं लेकिन पाठक के मन में वे बहुत देर तक भीतर कहीं चलती रहती हैं। कौशलेन्द्र यादव का उपन्यास ‘चींटी की अर्थी’ इसी तरह की रचना है, जो प्रेम की कहानी कहते-कहते समाज की गहरी और कड़वी सच्चाइयों से रूबरू कराता है। यह कहानी इंसानी त्रासदी की है जिसका अंत हिंदी फिल्मों की तरह सुखद नहीं होता।

कहानी इलाहाबाद की ज़मीन पर पनपती है।विनोद, प्रिया, शाहिद और अन्य पात्रों के माध्यम से लेखक ने ऐसी दुनिया बनाई है, जहाँ रिश्ते केवल दो लोगों के बीच नहीं रहते, बल्कि परिवार, प्रतिष्ठा, सामाजिक सोच और लोगों की धारणाएँ भी उनके फैसलों को ज़मीदोज़ कर देती हैं। यही वजह है कि कहानी के साथ आगे बढ़ते हुए हम कभी विनोद के पक्ष तो कभी प्रिया की उलझनों को महसूस करते हैं। और कभी शाहिद के प्रति सहज सहानुभूति पैदा होती है।

इस उपन्यास को केवल प्रेम-कथा कहना इसके साथ न्याय नहीं होगा। कहानी में प्रेम जरूर है, लेकिन उसके पीछे सामाजिक रूढ़ियाँ, अफवाहें, पारिवारिक प्रतिष्ठा और ऑनर किलिंग जैसी क्रूर मानसिकता का बड़ा सवाल मौजूद है। लेखक यह सोचने के लिए मजबूर करता है कि जब किसी अफवाह को सच मान लिया जाता है और सामाजिक प्रतिष्ठा इंसानी जिंदगी से बड़ी समझी जाने लगती है, तब पैदा होने वाली त्रासदी भयावह होती है जिसका जिम्मेदार कोई नहीं होता। आज के समय में समाज द्वारा फैलाई गई अफवाहें किसी की जिंदगी बर्बाद करने के लिए काफी हैं।

उपन्यास की खूबी यह है कि लेखक इन सवालों के जवाब देने के बजाय पाठक को स्वयं सोचने की जगह देता है। कहानी का सस्पेंस और घटनाओं का क्रम पाठक की दिलचस्पी बनाए रखता है। कहानी मानो वेब सीरीज के पार्ट्स जैसी आगे बढ़ती है और आगे क्या होने वाला है ये जानने की उत्सुकता बनी रहती है। 

‘चींटी की अर्थी’ का सबसे प्रभावशाली पक्ष इसका सामाजिक सरोकार है। लेखक ने कहानी के साथ जो अपने विचार रखे हैं वे आम इंसान को झकझोर देते हैं। प्रेम, प्रतिष्ठा और सामाजिक दबाव के बीच पिसते इंसान की कहानी के माध्यम से यह रचना हमें अपने आसपास के समाज को नए नजरिए से देखने का अवसर देती है। दुख की पराकाष्ठा का जो मंजर लेखक ने पेश किया है वो निशब्द कर देने वाला है, इतना संवदेनशील कि आँखों में आंसू आ जाए। किताब के पात्र और उनके संघर्ष स्मृति में रह जाते हैं और कुछ सवाल ऐसे हैं जिनका जवाब किताब बंद करने के बाद भी पाठक अपने भीतर खोजता रहता है। अरे विनोद का क्या हुआ...।

कौशलेन्द्र यादव के इस संवेदनशील उपन्यास की कहानी ना जाने कितने लोगों की कहानी है। अगर आप ऐसी कहानी पढ़ना चाहते हैं जिसमें प्रेम के साथ सामाजिक संघर्ष हो, भावनात्मक गहराई हो और कहानी खत्म होने के बाद भी कुछ सवाल आपके साथ बने रहें तो ‘चींटी की अर्थी’ आपके लिए ही बनी है।

किताब : चींटी की अर्थी
लेखक : कौशलेन्द्र 
प्रकाशक : पंक्ति प्रकाशन






प्रेम, सपनों और संघर्ष की दास्तान है 'कलेक्टर साहिबा' |किताबें & सिनेमा

कैलाश मांजू बिश्नोई की कलेक्टर साहिबा सीरीज की दोनों किताबें सिविल सेवा की तैयारी, प्रेम, महत्वाकांक्षा, संघर्ष और जीवन के कठिन निर्णयों को एक साथ पिरोने का प्रयास करती है। व्यक्ति की परिस्थिति बदलते ही प्रेम का यूं हुआ अंत आपको झकझोर देता है। कहानी का केंद्र गिरीश और एंजेल दोनों के सपने बड़े हैं और मंजिल भी लगभग एक ही—सिविल सर्विसेज। लेकिन जीवन हमेशा हमारी योजनाओं के अनुसार नहीं चलता। एंजेल अपने लक्ष्य को हासिल कर IAS अधिकारी बन जाती है, जबकि गिरीश का सफर कहीं अधिक संघर्षपूर्ण हो जाता है। बस यहीं से कहानी केवल प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की कहानी न रहकर प्रेम, महत्वाकांक्षा और परिस्थितियों के बीच फँसे दो व्यक्तियों की कहानी बन जाती है।

पहले भाग में लेखक ने सिविल सेवा की तैयारी की दुनिया को करीब से दिखाने का प्रयास किया है। तैयारी के दौरान आने वाली मुश्किलें और अभ्यर्थियों के मन में चलने वाली उथल-पुथल जैसे प्रसंग पुस्तक को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं से जोड़ते हैं। बीच-बीच में दिए गए सुझाव और प्रेरणात्मक विचार भी उपयोगी हैं। पहले भाग में आपको कहानी कम मोटिवेशन का डोज ज्यादा मिलता है। जिससे लेखक की कोशिश यही है कि वह केवल कहानी सुनाना नहीं चाहते, बल्कि अपने पाठकों, खासकर सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे युवाओं को सकारात्मक संदेश भी देना चाहते हैं।

दूसरे भाग में कहानी बहुत इमोशनल हो जाती है। गिरीश और एंजेल के रिश्ते में आए बदलाव, दूरी, प्रेम, पीड़ा और अधूरेपन को लेखक ने बयाँ किया है। गिरीश के पत्र और उसके मन की भावनाओं का चित्रण इस भाग के संवेदनशील हिस्सों में शामिल है। एंजेल एक ओर उसका करियर और उसकी एंबीशन हैं, दूसरी ओर परिवार, सामाजिक परिस्थितियाँ और निजी रिश्ते। दोनों पुस्तकों में प्रेम के साथ-साथ आत्मसम्मान का पक्ष भी महत्वपूर्ण है। गिरीश के चरित्र की सबसे बड़ी विशेषता यही है कि वह अपने दर्द को केवल कमजोरी नहीं बनने देता। परिस्थितियाँ उसे तोड़ती हैं, लेकिन वही परिस्थितियाँ उसे अपने जीवन को नए तरीके से देखने की ताकत भी देती हैं। प्रेम में असफलता को अंत मानने के बजाय आत्मनिर्माण में बदलने का यह संदेश पुस्तक का सकारात्मक पक्ष है।

लेखक की भाषा सहज और संवादात्मक है। कई स्थानों पर संवाद, पत्र और भावनात्मक प्रसंग पाठक को कहानी से जोड़ते हैं। शायद इस कहानी की सबसे खूबसूरत बात इसका अधूरापन है। हर प्रेम कहानी का सुखद अंत हो, यह जरूरी नहीं। कुछ रिश्ते मंजिल तक नहीं पहुँचते, लेकिन वे व्यक्ति को बदल जरूर देते हैं। गिरीश और एंजेल की कहानी भी इसी भाव को सामने लाती है। कभी-कभी किसी को पाना प्रेम नहीं होता, बल्कि उसके साथ बिताया समय, उससे मिली सीख और उसके बाद स्वयं को संभाल लेना भी प्रेम की एक अलग परिभाषा हो सकती है।

बहरहाल कलेक्टर साहिबा के दोनों भाग प्रेम, सपनों, संघर्ष, महत्वाकांक्षा और आत्मसम्मान की एक ऐसी यात्रा प्रस्तुत करते हैं जिसमें पाठक को जीवन में सही निर्णय लेने का जज़्बा पैदा होता है। यह उन पाठकों के लिए विशेष रूप से रुचिकर हो सकती है जिन्हें प्रेमकथाओं के साथ प्रेरणा और जीवन से जुड़े सबक भी समेटना पसंद हैं। यह सिर्फ कलेक्टर बनने की कहानी नहीं, बल्कि सपनों के बीच जन्मे प्रेम, प्रेम में मिले दर्द और उस दर्द से खुद को फिर खड़ा करने की कहानी है।


पुस्तक: कलेक्टर साहिबा पार्ट 1-2
लेखक: कैलाश मांजू बिश्नोई
प्रकाशक: मंजुल पब्लिशिंग हाउस

पुरुषों के अनकहे दर्द और ध्वस्त संवेदनाओं को छूकर जाता काव्य-संग्रह : एकांत में रोता पुरुष | किताबें & सिनेमा



कुछ किताबें पढ़ते-पढ़ते आप भावुक हो जाते हैं, उसमें लिखे हर शब्द को आप महसूस कर रहे होते हैं। प्रियेष मालवीय की 'एकांत में रोता पुरुष' भी ऐसी ही एक किताब है, जो शब्दों से अधिक भावनाओं से संवाद करती है। यह केवल एक काव्य-संग्रह नहीं, बल्कि पुरुष के उन अनकहे अनुभवों और संवेदनाओं का ज्वालामुखी है जिन्हें समाज अक्सर यह कहकर अनदेखा कर देता है कि "मर्द को दर्द नहीं होता" लेकिन जब ये ज्वालामुखी फटता है तो सिर्फ आँसुओं के कुछ नहीं निकलता।

लेखक प्रियेष  ने अपनी कविताओं के माध्यम से पुरुषों के भीतर चल रहे भावनात्मक संघर्ष, प्रेम, जिम्मेदारियों, अकेलेपन और मौन को अत्यंत संवेदनशीलता के साथ शब्द दिए हैं। हमारा समाज पुरुषों से हमेशा चट्टान की तरह मज़बूत बने रहने की अपेक्षा करता है, जबकि वास्तविकता यह है कि पुरुष भी प्रेम करते हैं, उन्हें भी पीड़ा होती है, वे भी टूटते हैं और रोते भी हैं बस सबके सामने नहीं, बल्कि एकांत में।

किताब की सादगी और ईमानदारी ही इसकी सबसे बड़ी उपलब्धि है। पुस्तक में मध्यवर्गीय जीवन की जिम्मेदारियाँ, बेरोज़गारी की पीड़ा, टूटते रिश्ते, प्रेम, पिता का संघर्ष, माँ का स्नेह, अकेलापन और जीवन की वास्तविकताओं को बेहद सहज भाषा में प्रस्तुत किया गया है। "पुरुष रोते हैं किन्तु एकांत में", "पुरुष का मौन", "पिता से आलिंगन" और "प्रेम में पड़ा पुरुष" जैसी कविताएँ पाठक को अंदर तक झकझोर देती हैं। लेखक की भाषा सरल, सहज और आत्मीय है। पढ़ते समय ऐसा महसूस होता है मानो कोई अपना व्यक्ति सामने बैठकर अपने मन की बातें साझा कर रहा हो। 

व्यक्तिगत रूप से यह पुस्तक मुझे अत्यंत प्रभावित कर गई। अब तक मुझे ऐसी कोई पुस्तक नहीं मिली थी जो पुरुषों के भीतर चल रहे भावनात्मक शोर को इतनी सहजता और गहराई से शब्द दे सके। मेरे विचार से एकांत में रोता पुरुष हर व्यक्ति को पढ़नी चाहिए जिससे वो किसी भी पुरुष के भीतर छिपी भावनाओं को थोड़ा और गहराई से समझ सकें। समाज में पुरुषों के संघर्ष, उनके मौन और उनके एकांत के दर्द को जिस संवेदनशीलता से शब्द दिए गए हैं, वह सराहनीय है। यह एक ऐसी पुस्तक है जिसे केवल पढ़ा नहीं जाता, बल्कि लंबे समय तक महसूस किया जाता है।


पुस्तक: एकांत में रोता पुरुष

लेखक: प्रियेष मालवीय

प्रकाशक : हरसिंगार प्रकाशन



गाँव, कॉलेज और सपनों के बीच झूलती एक बेहतरीन कहानी : कभी गाँव कभी कॉलज ज़िन्दगी जंक्शन | किताबें & सिनेमा

 


कुछ किताबें केवल कहानी नहीं सुनातीं, बल्कि एक पूरे जीवंत परिवेश को पाठकों के समक्ष रख देती हैं। अगम जैन का पहला उपन्यास "कभी गाँव, कभी कॉलेज" भी ऐसी ही रचना है, जो गाँव और कॉलेज के बीच पसरी उस दुनिया को जीवंत करती है जहाँ सपने हैं, संघर्ष हैं, प्रेम है, दोस्ती है, असफलताएँ हैं और उम्मीदें भी हैं। उपन्यास की बात करें तो कहानी एक ऐसे गाँव से शुरू होती है जहाँ नया कॉलेज खुला है। शिक्षा का मंदिर बनने के बजाय वह धीरे-धीरे व्यापार का केंद्र बनता दिखाई देता है। डीन साहब और चिलोंटाजी जैसे पात्र शिक्षा के व्यवसायीकरण पर तीखा व्यंग्य करते हैं। यह केवल विवेक, विनय, सुलोचन, चैन सिंह, सुरभि, महिमा, सुनील, राकेश, और चेतक भैया जैसे युवाओं की कहानी नहीं, बल्कि उस पूरे सामाजिक ताने-बाने की कहानी है जहाँ शिक्षा, व्यवस्था और समाज एक-दूसरे से टकराते भी हैं और एक-दूसरे को साथ-साथ भी चलते हैं। कहीं-कहीं ऐसा लगता है जैसे मानो लेखक किसी दूर खड़े दर्शक की तरह नहीं, बल्कि उन्हीं गलियों, उन्हीं खेतों और उसी कॉलेज के बरामदों का हिस्सा रहे हों।

लेखक ने व्यंग्य को अपना सबसे प्रभावी हथियार बनाया है। उपन्यास पढ़ते हुए किताब के कई प्रसंग पाठकों को खुलकर हँसाते हैं। जैसे "मास्साहब" की परिभाषा, "भैया" कहने पर सविनय आंदोलन, "मुँहबोली पत्नी" जैसे प्रसंग कहानी को क्लिष्ट नहीं होने देते और इसी का सहारा लेकर लेखक समाज की गंभीर विसंगतियों पर गहरी चोट भी करता है। भाषा सरल और प्रवाहपूर्ण है, जो पाठक को कहानी से भटकने नहीं देती। विवेक जैसे संघर्षशील युवा के जीवन में सुरभि जैसी समझदार और पढ़ाकू दोस्त उसके जीवन में सकारात्मक ऊर्जा भरती है। उनकी मित्रता प्रेम से अधिक प्रेरणा बनकर उभरती है। जहाँ उपन्यास शुरू होते ही सोच रहे थे कि विवेक और महिमा इसके नायक हो सकते हैं लेकिन खत्म होते-होते ये कहानी सुरभि और विवेक में समा गई। वही बात कि अंत में वो दो लोग मिलते हैं जो एक दूसरे को ढूँढ भी नहीं रहे होते हैं।

दूसरी ओर विनय का साहित्य के प्रति प्रेम और अपना विद्यालय खोलने का सपना यह दर्शाता है कि हर युवा का लक्ष्य केवल प्रशासनिक सेवा नहीं होता। कोई लेखक बनना चाहता है, कोई शिक्षक, कोई गाँव का सरपंच। सुलोचन का प्रेम और उसका संघर्ष, चैन सिंह का आलस्य और हास्य, महिमा का कॉलेज जीवन, सुनील की आवारागर्दी, राकेश की राजनीतिक महत्वाकांक्षा ये सभी पात्र कहानी में रंग भरते हैं। कहानी में शिक्षा के व्यवसायीकरण, ग्रामीण युवाओं की सीमित संभावनाओं, प्रतिभाशाली छात्रों की मजबूरियों, प्रशासनिक उदासीनता और समाज में फैले दिखावे पर भी तीखा प्रहार करता है। 

"कभी गाँव कभी कॉलेज" एक ऐसा उपन्यास है जो आपको हँसाता भी है, सोचने पर मजबूर भी करता है और अपने कॉलेज के दिनों तथा गाँव की सोंधी सी यादों में भी ले जाता है। यदि आप ऐसे उपन्यास पढ़ना पसंद करते हैं जिनमें हास्य, व्यंग्य, संवेदना, प्रेम, दोस्ती और ग्रामीण जीवन सब समा गए हों तो यह पुस्तक निश्चित रूप से आपकी पढ़ने की सूची में शामिल होनी चाहिए।


किताब : कभी गाँव कभी कॉलेज 

लेखक: अगम जैन (IPS)

प्रकाशन: हिंद युग्म




दौड़ती-भागती सी ज़िंदगी में ठहरने जैसा सुकून देती 'मुसाफ़िर कैफे' | किताबें & सिनेमा



नई वाली हिंदी के लोकप्रिय लेखक दिव्य प्रकाश दुबे की बेस्टसेलिंग किताब 'मुसाफ़िर कैफे' पर आधारित यह वेब सीरीज़ किताब की संवेदनाओं को ओटीटी के पर्दे पर खूबसूरती से जीवंत करती है। लाखों दिलों को छू लेने वाली यह केवल एक अधूरी प्रेम कहानी ही नहीं, बल्कि उन युवाओं की जर्नी है जो सपनों, रिश्तों, फाइलों और पहाड़ों के बीच खुद को तलाशने की कोशिश कर रहे हैं। सीरीज़ आपको ये एहसास कराती है कि सपने, सुकून के लिए कितने जरूरी होते हैं। 


अधूरे प्रेम, तलाश और आत्मखोज की खूबसूरत यात्रा

कहानी चंदर, सुधा और प्रीति के दरमियाँ घूमती है। चंदर जो पेशे से इंजीनियर है, जिसे अमेरिका में सुकून नहीं मिला तो अपना करियर छोड़कर भोपाल लौट आता है। माँ की जिद के कारण वह सुधा से मिलता है, जो एक डिवोर्स लॉयर है। सुधा की शादी में कोई दिलचस्पी नहीं रहती वह अपने सपने को पूरा करने पर ध्यान देती है। फिर एक ऐसी घटना घटती है जो दोनों की जिंदगी में एक नया मोड़ ले लेती है। चंदर मसूरी चला जाता है, जहाँ वह एक कैफे खोलता है और प्रीति के साथ जिंदगी का एक नया चैप्टर शुरू करता है। फिर एक दिन सुधा वापिस आती है और कहानी कहीं पहाड़ों में खो जाती है। दोस्ती, प्रेम, बिछड़न, सपने, एंबीशन, उम्मीद और लंबा इंतज़ार जैसे हर इमोशन कहानी का हिस्सा बनकर दर्शकों के मन में सहज रूप से उतरते हैं। कई बार लगता है कि हर मुसाफ़िर की अपनी मंज़िल तो होती है, लेकिन सफ़र के दौरान उसके सपने इवॉल्व होते रहते हैं। पहाड़ों की खूबसूरती, कैफ़े का शांत वातावरण, प्रोमिस वॉल और बैकग्राउंड में चलता म्यूजिक कहानी को रोचक बना देते हैं। सीरीज के  कुछ सीन्स लंबे समय तक याद रह जाते हैं, जैसे वो पल जब सालों बाद चंदर पहली बार मुसाफ़िर कैफे में सुधा को देखता है। 

एक्टिंग, डायरेक्शन और लेखन का जबरदस्त कॉकटेल

निर्देशक रुचिर अरुण ने उपन्यास की आत्मा को बरकरार रखते हुए कहानी को सहज और प्रवाहपूर्ण रखा है। कोई भी किरदार और कैमरा एंगल आपको निराश नहीं करेगा। शारण्या राजगोपाल ने संवादो को इतनी खूबसूरती से पिरोया है कि संवाद बनावटी नहीं लगते, बल्कि किरदारों की भावनाओं को स्वाभाविक ढंग से सामने लाते हैं, जो दर्शकों को कहानी से भटकने नहीं देते। एक्टिंग की बात करें तो सीरीज देखते वक्त ऐसा लगता है जैसे सभी कलाकारों ने अपने-अपने किरदार खुद के अंदर उतार लिए हों। वो किरदार जो अभी तक किताब में कैद थे, पाठकों की कल्पना के अनुसार पर्दे पर उठ खड़े हुए हों। चंदर के रूप में विक्रांत मैसी, सुधा के रूप में वेदिका पिंटो और प्रीति कौशिक के रूप में महिमा मकवाना ने अपने किरदारों को पूरी ईमानदारी से निभाकर उनमें जान फूँकी साथ ही सीरीज के अन्य एक्टर आदिल हुसैन, राजीव सिद्धार्थ, अनुभा फतेहपुरिया, सादिया सिद्दीकी और लवलीन मिश्रा ने अपने किरदारों के साथ पूरा न्याय किया है।

क्यों देखें

मुसाफ़िर कैफे उन दर्शकों के लिए एक बेहतरीन अनुभव है जो शोर-शराबे और मसालेदार मनोरंजन से हटकर, दिल को छू लेने वाली कहानियाँ देखना पसंद करते हैं। यदि आप भागदौड़ भरी ज़िंदगी में कुछ पल ठहरकर सुकून महसूस करना चाहते हैं, तो यह वेब सीरीज़ आपको एक ऐसी दुनिया में ले जाएगी जहाँ प्रेम, सपने, अकेलापन, उम्मीद और खुद की तलाश का एक मिश्रण हो। अगर आपको ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो खत्म होने के बाद भी लंबे समय तक आपके साथ चलती रहें, तो मुसाफ़िर कैफे ज़रूर देखिए।

..........................

वेब सीरीज़ :  मुसाफ़िर कैफे
कलाकार : विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो, महिमा मकवाना, आदिल हुसैन, राजीव सिद्धार्थ, अनुभा फतेहपुरिया, सादिया सिद्दीकी, लवलीन मिश्रा
लेखक : शारण्या राजगोपाल (दिव्य प्रकाश दुबे के उपन्यास मुसाफ़िर कैफे पर आधारित)
निर्देशक: रुचिर अरुण
OTT : नेटफ्लिक्स
रिलीज : 24 जुलाई 2026
विधा: रोमांस | ड्रामा |



खूबसूरत यादों का ऐसा सफर जब हॉस्टल बन जाता है दूसरा घर : ज़िन्दगी जंक्शन | किताबें & सिनेमा


प्रिय निखिल !

तुम्हारी किताब का इंतजार मैंने वैसे ही किया जैसी मैंने अपनी पहली किताब का किया था। हॉस्टल की यादें सच में भावुक कर देती हैं और उन्हीं यादों में खो जाने का एक जरिया तुम्हारी किताब है। इसे मैंने वर्ल्ड फाइल से निकलकर एक किताब बनने तक देखा है और कितनी बार इसे पढ़ा। सच बताऊँ तो जिस सफर से आप खुद आए हो उस सफर के किस्से और सबक आपको सिर्फ भावुक करते हैं बोरियत नहीं देते। तुम्हारी पुस्तक हॉस्टल के दिनों की वो यादें हैं जो आज भी कितने ही समझदार होने के बाद भी एक चेहरे पर हँसी दे जाती है। मुझे खुशी है कि मैं इस किताब का हिस्सा रहा। किताब को पढ़ते-पढ़ते ऐसा लग रहा था जैसे मैं अभी भी हॉस्टल में ही हूँ और सारे किस्से मेरे सामने टीवी में चल रहे हों।


खूबसूरत यादों का ऐसा सफर जब हॉस्टल बन जाता है दूसरा घर : ज़िन्दगी जंक्शन

अपने गाँव और घर की बेफ़िक्र दुनिया से निकलकर हॉस्टल की अनजानी दुनिया में कदम रखना केवल जगह बदलना नहीं होता, बल्कि जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत होती है। युवा लेखक निखिल जैन का पहला उपन्यास 'ज़िंदगी जंक्शन' इसी हॉस्टल, दोस्ती और जिम्मेदारी की संवेदनशील कहानी है। उपन्यास का मुख्य पात्र विवान अपने घर और गाँव को छोड़कर हॉस्टल पहुँचता है। शुरुआत में सब कुछ नया, अनजान और चुनौतीपूर्ण लगता है, लेकिन धीरे-धीरे वही हॉस्टल उसका दूसरा घर बन जाता है। विवान और उसके दोस्तों के बीच बनने वाले रिश्ते, उनकी शरारतें, संघर्ष, सपने और बिछड़ने का दर्द कहानी को जीवंत बना देते हैं।

निखिल की बेहद सरल, सहज और संवेदनशील भाषा पाठक को कहानी के पात्रों से आसानी से जोड़ देती है। यह उपन्यास पाठक को उन हॉस्टल के कमरों तक ले जाता है, जहाँ हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता है। घर से दूर रहने वाला एक छात्र छोटी-छोटी जिम्मेदारियों से आत्मनिर्भर बनना सीखता है। अपने कपड़े संभालने से लेकर समय का प्रबंधन करने तक, हर अनुभव उसके व्यक्तित्व को गढ़ता है। यही छोटे-छोटे संघर्ष आगे चलकर जीवन की बड़ी सीख बन जाते हैं। कहानी कहीं आपको हँसाती है, कहीं भावुक करती है और अंत तक पहुँचते-पहुँचते जिम्मेदारियों का एहसास भी कराती है।

जब कोई व्यक्ति अपना घर छोड़कर हॉस्टल जाता है तो वह केवल चार दीवारें नहीं छोड़ता, बल्कि अपने गाँव की गलियाँ, बचपन के दोस्त, आँगन, सुबह-शाम की यादें और अनगिनत भावनाएँ भी पीछे छोड़कर आगे बढ़ता है। जीवन के हर मोड़ पर लिए गए निर्णय हमें नई मंजिलों तक पहुँचाते हैं, लेकिन कुछ यादें हमेशा हमारे साथ चलती रहती हैं। आखिर में 'ज़िंदगी जंक्शन' किताब अपने नाम के मुताबिक बताती है कि जीवन वास्तव में एक जंक्शन की तरह है, जहाँ अलग-अलग मंजिलों की तमाम ट्रेनें आती हैं। हर पड़ाव हमें कुछ नया सिखाकर आगे बढ़ जाता है और पीछे छोड़ जाता है यादों का एक खूबसूरत सफर जो बस चेहरे पर मुस्कान और आँखों को नम कर जाता है।

यदि आप कभी घर से दूर हॉस्टल में रहे हैं, तो यह उपन्यास आपको अपनी पुरानी यादों से फिर रूबरू करा देगा। और यदि आपने कभी हॉस्टल का जीवन नहीं जिया, तब भी यह किताब आपको उस दुनिया का ऐसा अनुभव कराएगी मानो आप स्वयं उन कमरों, गलियारों और दोस्तों के बीच मौजूद हों। अगर आप भी स्मृति पटल पर निर्जीव पड़ी यादों का फिर से स्वाद लेना चाहते हैं तो इस किताब का डोज़ जरूर लीजिए।





सरकारी नौकरी के सपनों और संघर्ष का सजीव दस्तावेज़ है 'सरकारी चाय के लिए' | किताबें & सिनेमा

 


आज के समय में सरकारी नौकरी केवल एक रोजगार नहीं, बल्कि लाखों मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए सम्मान, सुरक्षा और उम्मीद का दूसरा नाम बन चुकी है। प्रेम शंकर चरड़ाना का उपन्यास 'सरकारी चाय के लिए' इन्हीं सपनों, संघर्षों और भावनाओं का सजीव दस्तावेज़ है। उपन्यास में अटल, माधवी, अमीश, लोकेश और मारसाब केवल काल्पनिक पात्र नहीं, बल्कि उन लाखों युवाओं के प्रतिनिधि हैं जो वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अपना जीवन खपा देते हैं। यही कारण है कि कहानी का हर दृश्य और हर संवाद बेहद सहज और आत्मीय लगता है और बताता है कि लेखक ने कहानी को लिखने से पहले जिया है फिर जाकर लिखा है।

विद्यार्थियों का गाँव से शहर आकर किराए का कमरा ढूँढना, बेहतर कोचिंग की तलाश, सीमित संसाधनों में गुज़ारा करना, परिवार की उम्मीदों का बोझ और हर परीक्षा के बाद परिणाम की बेचैनी ऐसी कई चीजों को उपन्यास बड़ी संवेदनशीलता से सामने लाता है। यह उन युवाओं की कहानी है जो कोचिंग की गलियों, किराए के कमरों और भीड़भरी लाइब्रेरियों में हर दिन अपने भविष्य को लिखने की कोशिश कर रहे हैं। जो अकेलेपन से लड़ते हैं, असफलताओं के बाद फिर खड़े होते हैं और उस एक "PDF" में अपना नाम खोजते हैं, जिसके बाद वर्षों का संघर्ष परिवार की खुशियों में बदल जाता है।

पढ़ते-पढ़ते महसूस होता है कि इस सफर में परीक्षाएं देते-देते विद्यार्थी कब आदमी बन जाता है, कब उसके अपने पीछे छूट जाते हैं उसे पता ही नहीं चलता। इस कहानी में प्रेम है, विफलता है, बिछड़न है, उम्मीद है और सबसे बड़ा सवाल भी—क्या सरकारी नौकरी ही जीवन का अंतिम लक्ष्य है? यही प्रश्न पुस्तक को सामान्य कथा से आगे ले जाकर एक गंभीर सामाजिक विमर्श में बदल देता है। कहानी अपने शीर्षक की तरह पाठक को अंत तक बाँधे रखती है। यही इस उपन्यास की सबसे बड़ी ताकत है कि अंतिम पृष्ठ के बाद भी इसके पात्र और उनके सवाल पाठक के भीतर लंबे समय तक जीवित रहते हैं।

'सरकारी चाय के लिए' पढ़ते हुए बार-बार एहसास होता है कि कई घरों में सरकारी नौकरी केवल नौकरी नहीं होती, बल्कि पूरे परिवार के वर्षों के संघर्ष, त्याग और आत्मसम्मान पर लगने वाला पूर्ण विराम होती है। यही इस उपन्यास की सबसे बड़ी उपलब्धि है कि यह हर उस पाठक के दिल तक पहुँचता है जिसने कभी किसी प्रतियोगी परीक्षा का सपना देखा हो या ऐसे किसी सपने को अपने घर में जीते हुए देखा हो।

किताब: सरकारी चाय के लिए
लेखक: प्रेम शंकर चरड़ाना
प्रकाशक: पंक्ति प्रकाशन
समीक्षक : सोमिल जैन 'सोमू'



ई-कल्पना पत्रिका में कैसे छपवाएं अपनी कहानियां : मानदेय के साथ प्रोत्साहन भी, पूरी प्रक्रिया जानिए....लिखो और कमाओ

 


ई-कल्पना पत्रिका युवा लेखकों के लिए बेहतरीन मंच है। यह पत्रिका ना सिर्फ लेखक की रचना प्रकाशित करती है बल्कि उचित मानदेय भी देती है। जो कलमकार लिखने में रुचि रखते हैं और कहानियों को पन्ने पर उतारना जानते हैं उनके लिए यह पत्रिका प्रोत्साहन प्रदान करती है और शानदार मौका देती है। अगर आप भी कहानी लिखते हैं तो ई-कल्पना को अपनी कहानी लिख भेजिए। प्रक्रिया मैं आपको बताता हूं।

सबसे पहले अपनी पूरी कहानी को वर्ड फाइल में समेटकर ई-कल्पना के ऑफिशियल ईमेल आईडी पर 'ई-कल्पना में प्रकाशनार्थ कहानी' विषय के साथ वर्ड फाइल अपलोड कर ekalpnasubmit@gmail.com पर मेल कर दीजिए। बहरहाल कुछ ही दिनों (लगभग एक हफ्ता) में पत्रिका की तरफ से आपको मेल आएगा। मेल मे लिखा होगा कि आपकी कहानी पढ़ी जा रही है। आपकी रचना की स्वीकृति-अस्वीकृति के निर्णय पर पहुंचने पर जल्द आपसे  संपर्क किया जायेगा। और अगर आपके द्वारा भेजी गई कहानी कहीं और प्रकाशित हो रही है तो तुरंत अवगत कराएं।

कुछ दिनों बाद ई-कल्पना की तरफ से कहानी की स्वीकृति-अस्वीकृति को लेकर मेल आएगा। अगर आपकी कहानी अस्वीकृत हुई हो तो फिर आगे कोई बात ही नहीं लेकिन अगर आपकी कहानी स्वीकृत हुई होगी तो पत्रिका का अगला अंक जब भी प्रकाशित होगा आपको बताया जाएगा। उसके बाद आपसे फोटो और आपका परिचय मांगा जाएगा। (आप जब कहानी भेजें तब भी अपना परिचय और फ़ोटो भेज सकते हैं)

ध्यान देने योग्य बात ये है कि इस मेल में एक नोट भी लिखा रहेगा जिसे आप ध्यान से पढ़िए। नोट होगा - अपनी कहानी के लिये आपको  प्रकाशन के समय  ₹2000 का मानदेय प्राप्त होगा. हम आपसे उम्मीद करते हैं कि इस शुभ समाचार को आप मित्रों में व सोशल मीडिया में शेयर करेंगे.  यदि आपको लगता है कि आप ऐसा नहीं कर सकते तो हमें तुरंत बताएं. साथ में, यदि इस दौरान आपकी यह कहानी कहीं और प्रकाशित हो गई हो, या फिर पूर्व प्रकाशित है, तो भी हमें ज़रूर सूचित करें, और अपनी कोई और अप्रकाशित कहानी भेजें. उसे हम प्रकाशन विचारार्थ सखुशी पढ़ेंगे.
यदि आप सेशल मीडिया में हैं तो कृपया ई-कल्पना को फ्रैंड-रिक्वैस्ट भेजें या फिर अपना पता दें और हम आपसे फ्रैंड रिक्वैस्ट करेंगे.

फिर आपके पास अगल मेल आएगा जिसमें पत्रिका के नियम और शर्ते बताई जाएंगी जिन्हें आप बहुत ध्यान से पढ़िए और समझिए।

1. यदि आपकी कहानी प्रकाशन तिथि से पहले किसी अन्य पत्रिका में प्रकाशित होती है तो कृपया हमें ज़रूर और तुरंत इत्तिला करें. 
2. यदि आप सोशल मीडिया में शामिल हैं, तो अपनी प्रकाशित कहानी मित्रों में ज़रूर शेयर करें. हमने देखा है कई लेखक काफी सक्रिय होने के बावजूद हमारी पत्रिका में प्रकाशित अपनी कहानी अपने मित्रों में साझा नहीं करते हैं. इससे उनके उत्साह का अभाव झलकता है, साथ में हम ये भी समझते हैं कि ई-कल्पना द्वारा सम्मानित लेखक ई-कल्पना को सपोर्ट करने में कोई दिलचस्पी नहीं रखता. 
उपर्युक्त दशाओं के उल्लंघन का (यानि, पूर्वप्रकाशित होना, या सोशल मीडिया में सक्रिय होने के बावजूद कहानी को शेयर न करना), इन दोनों का असर बिलकुल मानदेय के वितरण में भी होगा. 
3. यदि आपने अब तक अपनी बायो व फोटो नहीं भेजी है, तो कृपया भेजेंअपनी कहानी हमें भेजने के लिये धन्यवाद।

और फिर प्रक्रिया के अनुसार ई -कल्पना की वेबसाइट ऑफिसियल वेबसाइट https://www.ekalpana.net/ पर सबसे पहले आपकी कहानी प्रकाशित होगी। उसके बाद जब आपकी कहानी पत्रिका में प्रकाशित होगी तब आपके पास इस तरह का में आएगा।

प्रिय लेखक, नमस्कार ! आपकी कहानी पाँच कहानियाँ के __वें संकलन में प्रकाशित हो चुकी है. कहानी के लिये आपको ₹ 2000 की राशि मानदेय के तौर पर दी जाएगी, जो आपके अकाऊंट में ई-कल्पना के इंडस-इंड के गुड़गांव ब्रांच से वायर ट्रांस्फर की जाएगी. 
कृपया अपने बैंक डीटेल (निम्नलिखित) भेजें.

Name:
Bank Name:
Account number:       
Bank IFSC:

हमारी दिली कोशिश है कि ज़्यादा लोग अच्छी कहानियाँ पढ़ने की और लिखने की आदत डालें, प्रकाशन के लिये भी भेजें. इसलिये यदि आप अपनी इस प्रकाशित कहानी को मित्रों में व सोशल मीडिया में शेयर करें तो हम आपके आभारी होंगे.  आपकी कहानी ई-कल्पना ब्लॉग में सदा प्रकाशित रहेगी, इसे आप या आपके मित्र निःशुल्क पढ़ सकते हैं. 

संकलन की प्रत्येक प्रति रु 95 में पत्रिका के साइट (इस लिंक) पर उपलब्ध है.  40वाँ संकलन खरीदने का लिंक यहाँ है. आगे - कहानियाँ लिखते रहें,  अपनी नई कहानियाँ भेजते रहें. हमें आपकी कहानियों का इंतज़ार रहेगा. सधन्यवाद

मुक्ता सिंह-ज़ौक्की
सम्पादक, ई-कल्पना

यही ई-कल्पना पत्रिका में अपनी कहानियां भेजने की पूरी प्रक्रिया है। अगर आप कहानियां लिखते हैं तो देर मत कीजिये पत्रिका ने अगले अंक के लिए कहानियां पढ़ना शुरू कर दिया है। विशेष ध्यान दें : ई-कल्पना अनगिनत कहानियों में बेहतरीन कहानियां छापती है इसलिए लेखन पर जोर दें और इसके लिए पत्रिका ने अपनी गाइडलाइन वेबसाइट दी है जो मैं यहां शेयर कर रहा हूँ।

अपनी कहानियाँ भेजिये ...
आपकी कहानी - ● पूर्व प्रकाशित न हो
● एक अच्छी कहानी का स्वरूप बनाए रखें, यानी कि भाषा, विडम्बना, कथानक, इत्यादि न भूलें ... भाषा अच्छी ही न हो, वर्तनी व व्याकरण का भी ध्यान दें
● यूनिकोड फांट में हो. (नोट – कृति देव यूनीकोड फांट नहीं है. कई लेखक हमें कृति देव में शायद यह सोचकर भेजते हैं कि इसे बस कनवर्ट ही तो करना है, कर लेंगे ये लोग. जी हाँ, यही करना पड़ता है हम लोगों को, क्योंकि हम आपकी कहानियाँ पढ़ने को अधीर हो रहे होते हैं. मगर यह बात भी सही है कि जब पढ़ने को बहुत सारी कहानियाँ होती हैं, तो वो कहानियाँ जो कृति देव में टंकित की जाती हैं, कई बार रह जाती हैं)
​
यदि उपर्युक्त सभी बातों में आपकी कहानी खरी उतरती है, तो हमारी सम्पादकीय टीम उसे बहुत प्रेम से पढ़ेगी।


प्रकाशनाभिलाशी लेखकों के लिये सूचना

1. यदि आपको कहानी प्राप्ति पत्र मिल चुका है, लेकिन स्वीकृति/अस्वीकृति निर्णय पत्र नहीं मिला है, तो कृपया इंतज़ार करें. कहानियाँ लगातार पढ़ी जा रही हैं.
2. मानदेय के विषय में - लेखक के काम का मूल्य होता है, इसलिये हर स्वीकृत कहानी को हम मानदेय देते हैं. हर स्वीकृति पत्र में हम लेखक से प्रकाशन की सूचना अपने मित्रों में सोशल मीडिया के ज़रिये प्रसारित करने की विनती भी करते हैं. इससे, पहले तो लेखक का उत्साह झलकता है, साथ में पत्रिका का भी प्रसार होता है. पत्रिकाओं को पाठकों की ज़रूरत है, यह एक लॉजिकल सच है. अकसर हमने देखा है कि लेखक सोशल मीडिया में सक्रिय होने के बावजूद ई-कल्पना में प्रकाशित अपनी कहानी साझा नहीं करते हैं. इसे हम केवल एक तरह से देखते हैं - कि लेखक ई-कल्पना को बॉयकौट कर रहे हैं. सामान्यतः हम उम्मीद करते हैं कि प्रकाशन के एक हफ्ते के दौरान लेखक कहानी को साझा कर अपना गर्व भी साझा करेंगे. इसलिये हमारे सम्पादक मंडल ने तय किया है कि यदि आप सोशल मीडिया में सक्रिय हैं और ई-कल्पना में प्रकाशित अपनी कहानी को साझा नहीं कर रहे हैं,  तो यह आपकी मर्ज़ी है, लेकिन कहानी के मानदेय के वितरण में इसका असर पड़ सकता है.

पत्रिका को लेकर मेरा अनुभव

यह पूरी प्रक्रिया ही मेरा अनुभव है। इसी प्रक्रिया के साथ ही मेरी कहानी भी प्रकाशित हुई।  ई-कल्पना पत्रिका का मेल गणतंत्र दिवस पर प्राप्त हुआ (स्क्रीन शॉट अटैच कर रहा हूँ)। यह पहली बार है जब ई-कल्पना से मुझे मानदेय मिल रहा है। ऐसी पत्रिकाओं का खूब प्रचार और प्रसार होना चाहिए। नए लेखकों के लिए यह अच्छा प्लेटफॉर्म है। ई-कल्पना पत्रिका में पिछले दिनों मेरी कहानी 'लॉकडाउन कोटा' प्रकाशित हुई थी। 

अगर आप कहानियां लिखते हैं तो अपनी रचनाओं को ई-कल्पना को भेज सकते हैं। आपकी रचनाएं यहां प्रकाशित होंगी तो आपको पारिश्रमिक भी मिलेगा और रचना पांच कहानियों के संकलनन में ई-मैग्जीन के तौर पर भी प्रकाशित होगी। जिसमें आप अन्य लेखकों की कहानियां भी पढ़ सकते हैं।



ई-कल्पना की कोविड कहानी सीरीज़ में प्रकाशित सोमिल जैन सोमू की लिखी कहानी "लॉकडाउन कोटा"*

https://www.ekalpana.net/post/ekalpanacovidstorysomiljainsomuhttps://www.ekalpana.net/post/ekalpanacovidstorysomiljainsomu

Blog कैसे बनायें? Step by Step in Hindi



वो बड़ी बातें जो पठान को बनाएगी सुपर-डुपर हिट, इन कारणों से पठान करेगी बॉलीवुड पर राज, शाहरुख के सिर पर सजेगा ताज


पिछले दो-चार सालों से बॉलीवुड इंडस्ट्री में सूखा पड़ा हुआ है, वजह ये नहीं कि फिल्में नहीं बन रही वजह यह है कि फिल्में चल नहीं रहीं। कितने विरोध के बाद भी शाहरुख खान की आने वाली फिल्म पठान बॉलीवुड में पड़े अकाल का हल निकालेगी.... 

लोगों को पठान को लेकर इतना क्रेज बढ़ गया है कि उसकी एडवांस बुकिंग ने अभी तक के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं, KGF, बाहुबली जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्में पठान के आगे पानी भरती नज़र आ रही हैं, रिलीज से पहले इस फिल्म ने कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं....चलिए आपको पठान फ़िल्म को लेकर कुछ ऐसी बातें बताते हैं जो पठान को इस साल की सुपर डुपर हिट बनाएंगी......


पहली बड़ी बात यह है कि शाहरुख के लिए लोगों की दीवानगी देखकर मुंबई में बांद्रा स्थित सबसे बड़ा सिंगल स्क्रीन थियेटर ‘गेटी’ अपनी सालों पुरानी परंपरा तोड़ने जा रहा है। ‘गेटी’ में ‘पठान’ का पहला शो सुबह नौ बजे शुरू होगा, और यह अपने आप में रिकॉर्ड होगा....इसके अलावा भी कुछ ऐसे बड़े फैक्ट्स हैं जिससे ‘पठान’ को हिंदी की सबसे अनूठी और बेमिसाल फिल्म साबित होती हैं....


पठान के साथ दूसरी अनूठी बात यह है कि यशराज फिल्म्स की यह स्पाय यूनिवर्स की कटेगरी की फिल्म है जिसका एंड मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स की फिल्मों की तरह ही होगा, जिसमें 2 क्रेडिट सीन दिये जाएंगे, भारत में ऐसा पहली बार होगा....

तीसरी बात पठान में किसी भी हिंदी फिल्मों में अब दिखाये गये एक्शन सीन से बिल्कुल हटकर एक्शन इस फिल्म में दिखाया जायेगा. ‘पठान’ में दर्शकों का दिल धड़काने वाला एक्शन आईमैक्स फॉर्मेट में होगा. कहा जा रहा है भारत में अब तक IMAX FORMAT में फिल्म नहीं बनी है.....

चौथी बात हाल की टेररिज्म थीम वाली तमाम हिंदी फिल्मों में ऐसे किरदार को विलेन के तौर पर दिखाया गया है जिसे कहीं ना कहीं किसी एक खास मजहब का बताया गया है लेकिन ‘पठान’ में आतंकवाद या आतंकवादी को किसी धर्म से जुड़ा हुआ नहीं बताया जायेगा....

पांचवीं बात भी इस फिल्म के लिए काफी अनूठी है। पठान पहली ऐसी फिल्म होगी जिसकी शूटिंग स्पेन के MALLORCA ISLAND पर हुई है, हालांकि इस फिल्म के बाद इस आइसलैंड पर रणबीरश्रद्धा कपूर की फिल्म की शूटिंग की जा रही है.....

गौर करने वाली छटी बात ये भी है कि हिंदी बॉक्स ऑफिस पर देशभक्ति से जुड़ी फिल्में हमेशा से हिट होती हैं। फिल्म पठान में शाहरुख एक भारतीय खुफिया जासूस के रोल में हैं। इसके तहत वह अपनी खुफिया जासूसों पर आईं पिछली फिल्मों टाइगर और वॉर के हीरोज सलमान खान और रितिक रोशन को इसकी आने वाली फिल्मों में साथ लाएंगे। चर्चा तो यह भी है कि पठान में सलमान भी बतौर टाइगर नजर आएंगे....

इसके अलावा बहुत सी खास बातें हैं जिनकी वजह से पठान का हिट होना निश्चित है.. बॉलीवुड के बड़े बड़े सुपरस्टार शाहरुख खान की पठान के सपोर्ट में आ रहे हैं, सुनील शेट्टी करीना कपूर और अब अजय देवगन ने भी पठान की तारीफ की है अजय देवगन ने कहा कि  ‘जिस तरह से इस फिल्म की एडवांस बुकिंग हुई है ऐसा पहले किसी फिल्म की नहीं हुई। मैं दिल से बहुत खुश हूं....

आपको क्या लगता है क्या पठान ब्रेक कर पाएगी बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड या जनता शाहरुख को कर देगी आउट ऑफ बॉक्स? अपनी राय कमेंट सेक्शन में जरूर बताइए

पठान ने बड़े पर्दे पर आते ही मचाई ग़दर, हाउस फुल हुए सारे सिनेमाघर, पब्लिक का आ रहा जबरदस्त रिएक्शन, बोले- फुल पैसा वसूल मूवी

खत्म हुआ इंतज़ार आ गई पठान……आज पठान फिल्म सारे सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है।शाहरुख खान के फैंस 4 साल के लंबे समय के बाद शाहरुख खान को बड़े पर्दे पर देखकर बहुत ही खुश हैं। स्पाय यूनिवर्स केटेगरी की इस मूवी में वीएफएक्स कमाल के हैं। मूवी एंटरटेनिंग है और पूरी फिल्म अपने लक्ष्य से भटकती नहीं है बल्कि ऑडियंस को आखिर तक पकड़े रहती है। पठान फैंस की उम्मीदों पर खरी साबित हो रही है, फिल्म का फर्स्ट डे फर्स्ट शो देखने वाले लोग पठान की तारीफ करते थक नहीं रहे हैं, शाहरुख ने पठान से फैंस के दिल जीतने के साथ बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है।

बात अब फ़िल्म की स्टोरी की करें तो पठान में शाहरुख खान RAW एजेंट बने हैं। वे देश को बचाने के लिए दुश्मनों से लड़ते दिखे हैं। शाहरुख का फिल्म में अब तक का सबसे अलग और अनोखा अवतार दिख रहा है। वे फुल एक्शन मोड में हैं। शाहरुख ने अपनी बॉडी पर भी काफी मेहनत की है। दीपिका संग शाहरुख की केमिस्ट्री देखने लायक है। जॉन अब्राहम भी फिल्म में लीड रोल में हैं। शाहरुख खान फिल्म में सही कहते हैं कि कुर्सी की पेटी बांध लीजिए मौसम बिगड़ने वाला है, अब दर्शकों ने फिल्म को देखकर यही बोला कि सच में मौसम बिगड़ गया…ऐसी फाड़ू एक्टिंग देखकर लोग दंग रह गए हैं।

वही पठान से पहले सलमान खान की फिल्म किसी का भाई किसी का जान का टीजर भी लॉन्च हुआ है जो एकदम रोंगटे खड़े कर देने वाला है, और पठान फिल्म में सलमान खान का 10 मिनट के कैमियो रोल ने जनता के फुल पैसे वसूल कर लिए… थिएटर्स के मालिक बोल रहे हैं कि ऐसी फिल्में आती रहेंगी तो हम जिंदा रहेंगे। अब बात करते हैं आपकी, पठान फिल्म आपको कैसी लगी यह बात हम तक कमेंट करके पहुंचाइये….

Blog कैसे बनायें? Step by Step in Hindi

 

Blog बनाना सीखें- blog कैसे बनायें? Step by step in hindi

नमस्कर दोस्तों ! 

बहुत सारे लोग मुझसे पूछते हैं कि ब्लॉग कैसे बनाते हैं। हम आपके ब्लॉग पढ़ते हैं और हम भी लिखना चाहते हैं लेकिन हमारे पास आईडिया नहीं है कि ब्लॉग कैसे बनाते हैं तो आज मैं सरल तरीके से step by step ब्लॉग बना कर बताता हूँ।

Free Blog और Website बनाने के लिए इंटरनेट पर कई सारे Platform मौजूद है। लेकिन ब्लॉग में और वेबसाइट में अंतर होता है। आज हम  blogger.com पर ब्लॉग कैसे बनाये ये जानेंगे।

आपके अंदर भी कई विचार आते हैं और उन्हें आप मोबाइल में टाइप करके रख लेते हैं लेकिन आपको ये पता नहीं होता कि इन विचारों को शेयर कैसे करें? कोई आसान प्लेटफॉर्म है जिससे लोग वहाँ जाकर मेरे विचार पढ़ सकें? वही काम आसान किया है ब्लॉगर ने जहाँ आप आसानी से अपने विचार पोस्ट कर सकते हैं और लोगों को भेज सकते हैं।

जैसा कि आप जानते हैं कि आज इंटरनेट बहुत ही सस्ता हो गया है। इसलिए उसका सही इस्तेमाल करना हमें आना चाहिए। ब्लॉग बनाने के लिए हमें सबसे पहले गूगल पर जाना होगा। blogger, google का ही एक प्रोडक्ट है।

step by step

1. सबसे पहले आप गूगल पर www.blogger.com सर्च करिये।

2. ब्लॉग बनाने के लिए Gmail Account से आप sign up करिये।

3. अब आपको दो option नज़र आते है Google+ Profile और Blogger Profile दोनों में से किसी एक को select करें और Profile set करें। इसके बाद Create Blog पर क्लिक करें और नीचे दिए गए Step को follow करें।

4. Title वाले कॉलम में अपने blog का Title लिखे.जैसे मेरे ब्लॉग का नाम है "तजुर्बातbyसोमू" जो आप अपने ब्लॉग का नाम देना चाहें वो आप दे सकते हैं। जरूरी बात ये कि इसे बाद में आप चेंज भी कर सकते हैं।

5. Address वाले कॉलम में अपने blog का address लिखें।  यह वो address है जिसे लोग Google में सर्च करके आपके blog तक पहुँचते हैं जैसे somiljainesomu.blogspot.com मेरा ब्लॉग एड्रेस है। अगर आपके द्वारा दिया गया address available होगा तो आपको “This Blog address is available” मैसेज दिखाई देगा।

6. जब "This Blog address is available" आ जाये तो उसके बाद NEXT वाला ऑप्शन click करें और आपका ब्लॉग तैयार हो जाएगा।

ब्लॉग सीरीज में ये पहला ब्लॉग था जिसमें बताया कि ब्लॉग कैसे बनाते हैं। आगे भी step by step ब्लॉग कैसे लिखते हैं और कैसे blog से पैसे कमाए जाते हैं ये सब बताऊंगा। इससे रिलेटेड कोई भी समस्या आपको आये तो कमेन्ट करके हमें बताएं।

कलम क्या-क्या लिखाए

जीवन के अनुभवों और भावनाओं का खूबसूरत संगम : विचारों की छाँव | किताबें & सिनेमा

  जीवन घटनाओं का अनवरत चलता सिलसिला है जिसमें कई अनुभवों, भावनाओं और विचारों का संग्रह भी है, जो हमें हर दिन कुछ नया सिखाते हैं। कभी प्रेम ह...