 |
|
नई वाली हिंदी के लोकप्रिय लेखक दिव्य प्रकाश दुबे की बेस्टसेलिंग किताब 'मुसाफ़िर कैफे' पर आधारित यह वेब सीरीज़ किताब की संवेदनाओं को ओटीटी के पर्दे पर खूबसूरती से जीवंत करती है। लाखों दिलों को छू लेने वाली यह केवल एक अधूरी प्रेम कहानी ही नहीं, बल्कि उन युवाओं की जर्नी है जो सपनों, रिश्तों, फाइलों और पहाड़ों के बीच खुद को तलाशने की कोशिश कर रहे हैं। सीरीज़ आपको ये एहसास कराती है कि सपने, सुकून के लिए कितने जरूरी होते हैं।
अधूरे प्रेम, तलाश और आत्मखोज की खूबसूरत यात्रा
कहानी चंदर, सुधा और प्रीति के दरमियाँ घूमती है। चंदर जो पेशे से इंजीनियर है, जिसे अमेरिका में सुकून नहीं मिला तो अपना करियर छोड़कर भोपाल लौट आता है। माँ की जिद के कारण वह सुधा से मिलता है, जो एक डिवोर्स लॉयर है। सुधा की शादी में कोई दिलचस्पी नहीं रहती वह अपने सपने को पूरा करने पर ध्यान देती है। फिर एक ऐसी घटना घटती है जो दोनों की जिंदगी में एक नया मोड़ ले लेती है। चंदर मसूरी चला जाता है, जहाँ वह एक कैफे खोलता है और प्रीति के साथ जिंदगी का एक नया चैप्टर शुरू करता है। फिर एक दिन सुधा वापिस आती है और कहानी कहीं पहाड़ों में खो जाती है। दोस्ती, प्रेम, बिछड़न, सपने, एंबीशन, उम्मीद और लंबा इंतज़ार जैसे हर इमोशन कहानी का हिस्सा बनकर दर्शकों के मन में सहज रूप से उतरते हैं। कई बार लगता है कि हर मुसाफ़िर की अपनी मंज़िल तो होती है, लेकिन सफ़र के दौरान उसके सपने इवॉल्व होते रहते हैं। पहाड़ों की खूबसूरती, कैफ़े का शांत वातावरण, प्रोमिस वॉल और बैकग्राउंड में चलता म्यूजिक कहानी को रोचक बना देते हैं। सीरीज के कुछ सीन्स लंबे समय तक याद रह जाते हैं, जैसे वो पल जब सालों बाद चंदर पहली बार मुसाफ़िर कैफे में सुधा को देखता है।
एक्टिंग, डायरेक्शन और लेखन का जबरदस्त कॉकटेल
निर्देशक रुचिर अरुण ने उपन्यास की आत्मा को बरकरार रखते हुए कहानी को सहज और प्रवाहपूर्ण रखा है। कोई भी किरदार और कैमरा एंगल आपको निराश नहीं करेगा। शारण्या राजगोपाल ने संवादो को इतनी खूबसूरती से पिरोया है कि संवाद बनावटी नहीं लगते, बल्कि किरदारों की भावनाओं को स्वाभाविक ढंग से सामने लाते हैं, जो दर्शकों को कहानी से भटकने नहीं देते। एक्टिंग की बात करें तो सीरीज देखते वक्त ऐसा लगता है जैसे सभी कलाकारों ने अपने-अपने किरदार खुद के अंदर उतार लिए हों। वो किरदार जो अभी तक किताब में कैद थे, पाठकों की कल्पना के अनुसार पर्दे पर उठ खड़े हुए हों। चंदर के रूप में विक्रांत मैसी, सुधा के रूप में वेदिका पिंटो और प्रीति कौशिक के रूप में महिमा मकवाना ने अपने किरदारों को पूरी ईमानदारी से निभाकर उनमें जान फूँकी साथ ही सीरीज के अन्य एक्टर आदिल हुसैन, राजीव सिद्धार्थ, अनुभा फतेहपुरिया, सादिया सिद्दीकी और लवलीन मिश्रा ने अपने किरदारों के साथ पूरा न्याय किया है।
क्यों देखें
मुसाफ़िर कैफे उन दर्शकों के लिए एक बेहतरीन अनुभव है जो शोर-शराबे और मसालेदार मनोरंजन से हटकर, दिल को छू लेने वाली कहानियाँ देखना पसंद करते हैं। यदि आप भागदौड़ भरी ज़िंदगी में कुछ पल ठहरकर सुकून महसूस करना चाहते हैं, तो यह वेब सीरीज़ आपको एक ऐसी दुनिया में ले जाएगी जहाँ प्रेम, सपने, अकेलापन, उम्मीद और खुद की तलाश का एक मिश्रण हो। अगर आपको ऐसी कहानियाँ पसंद हैं जो खत्म होने के बाद भी लंबे समय तक आपके साथ चलती रहें, तो मुसाफ़िर कैफे ज़रूर देखिए।
..........................
वेब सीरीज़ : मुसाफ़िर कैफे
कलाकार : विक्रांत मैसी, वेदिका पिंटो, महिमा मकवाना, आदिल हुसैन, राजीव सिद्धार्थ, अनुभा फतेहपुरिया, सादिया सिद्दीकी, लवलीन मिश्रा
लेखक : शारण्या राजगोपाल (दिव्य प्रकाश दुबे के उपन्यास मुसाफ़िर कैफे पर आधारित)
निर्देशक: रुचिर अरुण
OTT : नेटफ्लिक्स
रिलीज : 24 जुलाई 2026
विधा: रोमांस | ड्रामा |
No comments:
Post a Comment